MP NEWS: खटिया पर मरीज ढोने को मजबूर ग्रामीण, मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहा केरपानी गांव

टेन न्यूज़ !! ११ जून २०२६ !! रिपोर्ट: विकास सियारिया, जिला नरसिंहपुर |एमपी
नरसिंहपुर जिले की ग्राम पंचायत केरपानी के हथिया गांव में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से विकास कार्यों की अनदेखी की जा रही है, जिससे आज भी उन्हें सड़क, पेयजल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में समुचित नल-जल व्यवस्था नहीं होने से लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है। वहीं पक्की सड़क के अभाव में बरसात के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं होने से बच्चों और महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि सड़क नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों को खटिया पर लिटाकर 3 से 4 किलोमीटर तक पैदल ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने दावा किया कि सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने के बावजूद काम शुरू नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों पर समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और जल्द समाधान की मांग की है। संबंधित पक्ष का बयान प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।