2027 तक बाल श्रम मुक्त प्रदेश बनाने की मुहिम तेज, कन्नौज की 16 ग्राम पंचायतें घोषित![]()
टेन न्यूज ii 12 जून 2026 ii प्रभाष चंद्र ब्यूरो, कन्नौज
मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिक कार्ययोजनाओं के अंतर्गत प्रदेश को वर्ष 2027 तक बाल श्रम मुक्त घोषित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रथम चरण में प्रदेश के आठ आकांक्षी जनपदों सहित कानपुर मंडल के सभी जनपदों और जनपद गोंडा को वर्ष 2026 में ही बाल श्रम मुक्त किए जाने का लक्ष्य तय किया गया है। कानपुर मंडल के अंतर्गत कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा एवं फर्रुखाबाद शामिल हैं।
इसी क्रम में अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर 12 जून 2026 को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद कन्नौज की 16 ग्राम पंचायतों को बाल श्रम मुक्त घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में जनपद से कुल 47 गणमान्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
इनमें संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ, संबंधित अधिकारीगण तथा श्रम विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर से प्रतिनिधिमंडल को बस द्वारा लखनऊ के लिए रवाना किया गया। बस को मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी नवनीत श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट — प्रभात चंद्र, टेन न्यूज़ कन्नौज