सामाजिक संस्था डॉ भीमराव अंबेडकर एजुकेशनल सोसाइटी ने मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

टेन न्यूज़ !! १५ जून २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया
औरैया जनपद के कस्बा दिबियापुर स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर एजूकेशनल सोसाइटी के तत्वावधान में रविवार को ‘मेधावी छात्र/छात्रा सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुनील कुमार, वरिष्ठ अभियंता विद्युत विभाग एवं अति विशिष्ट अतिथि प्रेम प्रकाश सेवा निवृत्त महाप्रबंधक, सहकारी बैंक एवं शिव पाल कानपुर से रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य और थीम ‘मिशन सेंट्रल यूनिवर्सिटी’ रही। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को देश के केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रवेश तथा उनके भविष्य निर्धारण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देश के प्रतिष्ठित प्रोफेसरों द्वारा दी गई। इस विचार-विमर्श का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध समस्त संभावनाओं से अवगत कराना है, ताकि वे समय रहते इसका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ताओं के रूप में जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अमित कुमार ऑनलाइन रूप से जुड़े एवं प्रोफेसर रॉबिंस दोहरे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में . भीमराव अम्बेडकर एजूकेशनल सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कुमार आर्य ने सबको ऑनलाइन संबोधित किया ।
इस सम्मान समारोह के लिए कुल 69 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था, जिसके सापेक्ष कुल 45 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र एवं पेन पेंसिल आदि देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट में जनपद में पंजीकृत छात्रों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा के लिए एवं उसके परिवार के लिए अष्टांगिक मंगल कामना की गई ।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ताओं ने प्रेजेंटेशन (प्रस्तुतीकरण) के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर से संबंधित अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यावहारिक जानकारियां प्रदान कीं।
अंत में, कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें जलपान के लिए आमंत्रित किया गया और साधुवाद ज्ञापित करने के साथ ही कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई । इस कार्यक्रम का संचालन इं0 धर्मेन्द्र कुमार, संस्थापक TEAM DBRAEG के द्वारा किया गया ।