2021 से सहायता के लिए भटक रहा ग्राम पंचायत नकटुआ का परिवार, अब तक नहीं मिली सरकारी मदद
दुर्घटना में दिव्यांग हुए युवक को न मुआवजा मिला, न दिव्यांग पेंशन
टेन न्यूज़ !! १५ जून २०२६ !! विकास सियरिया ब्यूरो
नरसिंहपुर। जिले की ग्राम पंचायत नकटुआ का एक परिवार पिछले कई वर्षों से शासन-प्रशासन से सहायता की गुहार लगा रहा है, लेकिन अब तक उसे किसी प्रकार की राहत नहीं मिल सकी है। परिवार का आरोप है कि वर्ष 2021 में हुए सड़क हादसे के बाद उनका बेटा दिव्यांग हो गया, लेकिन आज तक न तो उसे सहायता राशि मिली और न ही दिव्यांग पेंशन का लाभ।
पीड़ित परिवार के मुखिया नासिर खान ने बताया कि वर्ष 2021 में उनके पुत्र सलमान खान एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। हादसे के बाद वह गंभीर रूप से घायल हुए और स्थायी रूप से दिव्यांग हो गए। परिवार का कहना है कि आज तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि दुर्घटना किस वाहन या व्यक्ति की वजह से हुई थी।
नासिर खान, उनकी पत्नी मुमताज तथा बहू फिजा खान पिछले कई वर्षों से न्याय और सहायता की उम्मीद में सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने नरसिंहपुर जिला मुख्यालय से लेकर संभागीय मुख्यालय जबलपुर और राजधानी भोपाल तक कई बार आवेदन दिए हैं। यहां तक कि मुख्यमंत्री के नाम भी प्रार्थना पत्र भेजा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस सहायता नहीं मिल सकी।
परिवार का दावा है कि सहायता राशि स्वीकृत होने की जानकारी उन्हें मिली थी, लेकिन आज तक उनके खाते में कोई राशि नहीं पहुंची। वहीं सलमान खान की दिव्यांग पेंशन भी अब तक स्वीकृत नहीं हो सकी है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए सहायता राशि एवं दिव्यांग पेंशन का लाभ दिलाने की मांग की है। परिवार का कहना है कि आर्थिक तंगी के बीच जीवन यापन करना कठिन होता जा रहा है और उन्हें तत्काल सरकारी मदद की आवश्यकता है।
अब यह देखना होगा कि इस मामले में संबंधित विभाग और प्रशासन क्या कदम उठाते हैं तथा वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे इस परिवार को कब तक राहत मिल पाती है।