MP NEWS : खमतरा पुलिया निर्माण में अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों ने उठाए सवाल![]()
3 लाख 85 हजार की लागत पर बनी पुलिया में दरारें, हादसे की आशंका
टेन न्यूज़ ii 12 जून 2026 ii जिला नरसिंहपुर | रिपोर्ट – विकास सियारिया ब्यूरो
जिला नरसिंहपुर के ग्राम खमतरा में पुलिया निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विकास निधि से लगभग 3 लाख 85 हजार रुपये की लागत से निर्मित पुलिया की गुणवत्ता बेहद खराब है, जिससे लोगों में नाराजगी और चिंता बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया निर्माण को अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन उसमें कई स्थानों पर दरारें पड़ने लगी हैं। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई, जिसके चलते पुलिया समय से पहले क्षतिग्रस्त होने लगी है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इसकी जांच और मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। पुलिया तक पहुंचने वाला संपर्क मार्ग आज भी अधूरा पड़ा हुआ है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए करीब डेढ़ से दो किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत और आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे गांव के लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
अब देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद प्रशासन पुलिया निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराता है या नहीं, और ग्राम खमतरा के लोगों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ कब तक मिल पाता है।