मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर भड़की युवा कांग्रेस, मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला![]()
टेन न्यूज़ ii 16 जून 2026 ii विकास सियारिया ब्यूरो, नर्मदापुरम
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में पिपरिया युवा कांग्रेस ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर चुनाव आयोग के खिलाफ नाराजगी जताई।
युवा कांग्रेस पिपरिया अध्यक्ष चिंकू साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शिवाजी चौक (तहसील चौक) पर एकत्रित होकर भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है और विपक्षी दलों को चुनावी प्रक्रिया से बाहर रखने की कोशिश की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि नामांकन निरस्त करने वाले रिटर्निंग अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन पिपरिया तहसील कार्यालय में सौंपा, जिसे नायब तहसीलदार बैस ने प्राप्त किया।
इस विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष पवन चौधरी, उपाध्यक्ष अनुज कटकवार, ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश साहू, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र दुबे, नगर अध्यक्ष उदय राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।