• Tue. Jun 16th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

5 किलोमीटर दायरे की शर्त से छात्रों को प्रवेश से वंचित करने का आरोप, NSUI ने RNA स्कूल पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

ByTen News One Desk

Jun 16, 2026
3 Views

5 किलोमीटर दायरे की शर्त से छात्रों को प्रवेश से वंचित करने का आरोप, NSUI ने RNA स्कूल पहुंचकर सौंपा ज्ञापन


टेन न्यूज ii 16 जून 2026 ii विकास सियारिया ब्यूरो, नर्मदापुरम

पिपरिया। स्कूल प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्रों को 5 किलोमीटर दायरे की शर्त के आधार पर प्रवेश से वंचित किए जाने की शिकायतों को लेकर बुधवार को NSUI पिपरिया ने RNA स्कूल पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। संगठन के पदाधिकारियों ने छात्रों एवं अभिभावकों की समस्याओं को लेकर स्कूल प्रबंधन को ज्ञापन सौंपते हुए मामले के समाधान की मांग की।

NSUI कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कई विद्यार्थियों को केवल दूरी संबंधी नियम के कारण प्रवेश नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। छात्रों और अभिभावकों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद संगठन ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए स्कूल प्रबंधन से चर्चा की।

NSUI नगर अध्यक्ष आरिफ अली ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक छात्र का मौलिक अधिकार है और किसी भी विद्यार्थी को अनावश्यक नियमों के कारण शिक्षा से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप कर छात्रों के हित में उचित निर्णय लेने की मांग की।

ब्लॉक अध्यक्ष जयदीप बेमन ने कहा कि यदि छात्रों की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो NSUI आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने तथा पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर सुनिश्चित करने की मांग की।

इस दौरान ब्लॉक उपाध्यक्ष बलराम बेलवंशी, नगर उपाध्यक्ष शरद कहार, विकास रघुवंशी, शिवम पटेल सहित NSUI के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने छात्रों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!