• Thu. Jun 18th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

गोटेगांव में महाराणा प्रताप जयंती पर भव्य मूर्ति अनावरण, जिला स्तरीय समारोह संपन्न

ByTen News One Desk

Jun 18, 2026
4 Views

गोटेगांव में महाराणा प्रताप जयंती पर भव्य मूर्ति अनावरण, जिला स्तरीय समारोह संपन्न


टेन न्यूज़ ii 18 जून 2026 ii रिपोर्ट – विकास सियारिया | नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)

वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर बुधवार को गोटेगांव में भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया गया तथा विशाल शौर्य यात्रा निकाली गई, जिसमें राजपूत समाज सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत साईंखेड़ा से गोटेगांव तक निकाली गई शौर्य यात्रा से हुई। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। शाम को गोटेगांव स्थित शौर्य स्तंभ एवं स्टेडियम परिसर में मुख्य समारोह आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री की उपस्थिति में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर मंत्री ने महाराणा प्रताप के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अद्वितीय मिसाल है, जिससे युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।

समारोह में वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के संघर्षमय जीवन, त्याग और राष्ट्र गौरव की भावना को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजन राजपूत क्षत्रिय सभा एवं महिला इकाई गोटेगांव द्वारा किया गया। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को महाराणा प्रताप के आदर्शों से जोड़ना तथा समाज में राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की भावना को मजबूत करना है।

मूर्ति अनावरण के बाद उपस्थित जनसमूह ने महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, गौरव और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!