• Wed. Jun 24th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

फोरलेन निर्माण को लेकर मीरानपुर कटरा में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, अवैध निर्माण हटाए गए

ByTen News One Desk

Jun 24, 2026
11 Views

फोरलेन निर्माण को लेकर मीरानपुर कटरा में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, अवैध निर्माण हटाए गए


टेन न्यूज़ !! २४ जून २०२६ !! रिपोर्टर : पप्पू अंसारी

मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। बरेली-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-30) फोरलेन परियोजना के अंतर्गत मंगलवार को मीरानपुर कटरा में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्धारित क्षेत्र में बने अस्थायी एवं अवैध निर्माणों को हटाकर सड़क चौड़ीकरण कार्य को गति प्रदान की गई।

परियोजना प्रबंधक अंजनी कुमार के निर्देशन में रोड सेफ्टी मैनेजर संदीप के नेतृत्व तथा कंट्रोल रूम ऑफिसर धर्मेंद्र सिंह और लोकेन्द्र सिंह की अगुवाई में एनएचएआई की टीम ने अभियान को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे बने टीनशेड, झोपड़ीनुमा ढांचे और अन्य अतिक्रमणों को हटाया गया। कुछ स्थानों पर बड़े अस्थायी निर्माणों को मशीनों और क्रेन की सहायता से सुरक्षित ढंग से हटाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान से पूर्व संबंधित लोगों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे तथा मुनादी कराकर निर्धारित समय सीमा में स्थान खाली करने के निर्देश दिए गए थे। जिन लोगों को भूमि अधिग्रहण का मुआवजा प्रदान किया जा चुका है, उनसे भी समय रहते भूमि और निर्माण खाली करने का अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद शेष अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है ताकि फोरलेन निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

अभियान के दौरान परियोजना से जुड़े कर्मचारी सीआरओ अनिकेत सिंह, समरपाल, आरपीओ जयनेन्द्र सिंह, उज्ज्वल, पुष्पेंद्र, पिंटू, आकाश, धर्मपाल, प्रदीप, धर्मवीर और मनमोहन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के सहयोग से पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार बरेली-सीतापुर फोरलेन परियोजना क्षेत्रीय विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए आगे भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!