• Wed. Jul 22nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

जिलाधिकारी शाहजहांपुर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न, आयुष्मान भारत योजना एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

ByTen News One Desk

Jun 23, 2026
61 Views

जिलाधिकारी शाहजहांपुर की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न, आयुष्मान भारत योजना एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश


टेन न्यूज़ !! २३ जून २०२६ !! डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आयुष्मान भारत योजना, संचारी रोग नियंत्रण अभियान, टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान, पल्स पोलियो कार्यक्रम तथा स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए बताया गया कि अभियान का द्वितीय चरण 01 जुलाई से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम एवं पंचायत विभाग को विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने तथा सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत विकास खंड भावलखेड़ा एवं ददरौल की विशेष समीक्षा की गई। बताया गया कि भावलखेड़ा के 45 गांवों में से 26 गांवों में आईआरएस छिड़काव का कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि ददरौल के 42 गांवों में अभी तक छिड़काव नहीं किया गया है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ददरौल क्षेत्र में शीघ्र आईआरएस छिड़काव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

मलेरिया की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में मलेरिया के कुल 93 मामले दर्ज हैं, जिनमें जून माह के 27 मामले शामिल हैं। जिलाधिकारी ने मलेरिया नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतने, स्रोत नियंत्रण, छिड़काव तथा जनजागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आगामी बैठक में विकास खंड भावलखेड़ा एवं ददरौल के खंड विकास अधिकारी तथा संबंधित एबीएसए अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। साथ ही ग्रामवार मरीजों की संख्या, सफाई व्यवस्था, छिड़काव की स्थिति तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने पंचायत विभाग को गांवों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान के दिन जनपद के सभी संबंधित विद्यालय खुले रहें, जिससे शिक्षक एवं बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने हेतु आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाए जाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) के अंतर्गत स्वास्थ्य इकाइयों के प्रमाणीकरण की समीक्षा की गई। बताया गया कि जनपद में अब तक 52 स्वास्थ्य इकाइयों का प्रमाणीकरण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक स्वास्थ्य इकाइयों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित कर उनका प्रमाणीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान जून माह में जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत 118 कार्ड बनाए जाने की जानकारी दी गई। वहीं टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान में फरवरी माह तक जनपद की प्रगति 8.15 प्रतिशत दर्ज की गई है। जनपद की कुल 1,067 ग्राम पंचायतों में टीबी उन्मूलन के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में बताया गया कि ददरौल एवं भावलखेड़ा क्षेत्र में स्थापित हैचरियां अभी संचालित नहीं हो सकी हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर उनका संचालन शीघ्र प्रारंभ कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर बाहरी स्रोतों से मत्स्य बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!