जयमाल के बाद दुल्हन ने शादी से किया इनकार बिना दुल्हन वापस लौटी बारात

टेन न्यूज़ !! २६ जून २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। जनपद के एक गांव में शादी को लेकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया, ग्राम सबलपुर में एक शादी जयमाल और अन्य रस्में पूरी होने के बाद टूट गई। चढ़ावे को लेकर हुए विवाद और दूल्हे को नशे में होने के आरोप के बीच दुल्हन ने विवाह से इनकार कर दिया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।
दिबियापुर क्षेत्र के देवराव गांव निवासी अंशु कुमार की बारात सबलपुर गांव आई थी। बारात का स्वागत होने के बाद पारंपरिक रस्में संपन्न कराई गईं। इसी दौरान चढ़ावे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया, जिससे विवाह समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर पहुंची सहायल थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। देर रात तक पंचायत और बातचीत का दौर चला, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद दुल्हन पिंकी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।![]()
दूल्हा पक्ष का कहना है कि तयशुदा सभी सामान और चढ़ावा लेकर बारात पहुंची थी तथा नशे में होने का आरोप भी निराधार है। वहीं दुल्हन के पिता संतराम ने आरोप लगाया कि दूल्हा नशे की हालत में था और तय चढ़ावा पूरा नहीं लाया गया था, जिसके चलते उनकी पुत्री ने विवाह से मना कर दिया। विवाद के बाद दोनों पक्ष सहायल थाने पहुंचे, जहां कई घंटे तक बातचीत चली।
अंततः आपसी सहमति से दोनों पक्षों ने एक-दूसरे का सामान वापस कर दिया और मामला बिना किसी कानूनी कार्रवाई के समाप्त हो गया और बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई l