इलाज के नाम पर रुपए ठगने का आरोप,पीड़िता ने पुलिस से लगाई गुहार

टेन न्यूज़ !! २६ जून २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। बेला थाना क्षेत्र के गांव पूर्वा भारा निवासी एक महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर इलाज के नाम पर रुपये लेने और बाद में रकम वापस न करने का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव पूर्वा भारा निवासी इंद्रानी देवी (80) पत्नी स्व. देवी दयाल दोहरे ने थाना में दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि तबीयत खराब होने पर गांव का एक युवक उन्हें इलाज कराने के लिए अपने साथ ले गया। आरोप है कि इलाज के लिए उनके खाते से लगभग 45 हजार रुपये निकलवाए गए तथा बाद में उनसे 50 हजार रुपये ले लिए गए।
पीड़िता का कहना है कि बाद में जब उन्होंने डॉक्टर से इलाज में हुए खर्च की जानकारी ली तो उन्हें बताया गया कि इलाज पर करीब 4 हजार रुपये ही खर्च हुए थे। इसके बाद जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपित ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने पर उतारू हो गया।
महिला ने थाना प्रभारी से मामले की जांचकर रुपये वापस दिलाने तथा आरोपित के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया है की मामले की जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।