• Sun. Jun 28th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

अग्निवीर चयनित युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश पुलिया पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग

ByTen News One Desk

Jun 27, 2026
10 Views

अग्निवीर चयनित युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश पुलिया पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग


कई हादसों के बावजूद नहीं हुई व्यवस्था, पीडब्ल्यूडी ने जल्द कार्रवाई का दिया आश्वासन


टेन न्यूज ii 27 जून 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। अछल्दा- फफूंद मार्ग पर स्थित अमेला रजबाहा पुलिया लगातार सड़क हादसों का केंद्र बनी हुई है। पुलिया पर स्पीड ब्रेकर न होने से तेज रफ्तार वाहन आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। बुधवार को अग्निवीर एयरफोर्स में चयनित 20 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत के बाद ग्रामीणों ने पुलिया पर तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग तेज कर दी है।

फफूंद थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी राम जी पुत्र श्याम सिंह बुधवार सुबह अपने पिता श्याम सिंह और बहन कुसुमा देवी के साथ बाइक से जा रहे थे। छछुंद-अमेला रजबाहा मार्ग से फफूंद लिंक रोड पर पहुंचने के दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

हादसे में राम जी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता और बहन घायल हो गए। परिजनों के अनुसार राम जी का हाल ही में अग्निवीर एयरफोर्स में चयन हुआ था और वह देश सेवा का सपना संजोए हुए थे। उनकी असमय मौत से परिवार के साथ पूरे गांव में शोक का माहौल है।

ग्रामीण सुधांशु, सदन सिंह, सतीश, हिमांशु, प्रांशु और मुलायम सिंह समेत अन्य लोगों ने बताया कि अमेला रजबाहा पुलिया पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।

पुलिया संकरी होने के साथ यहां वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए कोई स्पीड ब्रेकर नहीं है। ऐसे में तेज गति से आने वाले वाहन अक्सर हादसों का शिकार हो जाते हैं।

ग्रामीणों और राहगीरों ने जिला प्रशासन तथा लोक निर्माण विभाग से पुलिया और रजबाहा मार्ग पर शीघ्र स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है।

संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही अमेला रजबाहा पुलिया पर स्पीड ब्रेकर निर्माण कराया जाएगा। *-पहले भी हो चुके हैं कई हादसे*

ग्रामीणों के अनुसार 10 जून को अमेला बंबा पुलिया पर पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे मामा-भांजी की बाइक में वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिसमें दोनों घायल हो गए थे। इसी दिन एक क्रेटा कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी थी, जिससे वे भी घायल हो गए थे।

इसके अलावा भी पुलिया पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें अनेक लोग चोटिल हुए हैं। लगातार हो रहे हादसों के बाद अब क्षेत्रीय लोग पुलिया पर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!