औरैया जिला प्रशासन ने यातायात मार्ग दुर्घटनाओं को लेकर की समीक्षा बैठक, संबंधित को दिए दिशा निर्देश

टेन न्यूज़ !! २८ जून २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया जिलाधिकारी बृजेश कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में यातायात में होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम और शून्य जनहानि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कर विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई।
बैठक में सड़क सुरक्षा को जन आन्दोलन बनाये जाने के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद के विद्यालयों में सड़क सुरक्षा से सम्बन्धित कार्यशालाओं तथा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाये और इस कार्य की सफलता के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का भी सहयोग लिया जाये साथ ही विद्यालयों में प्रार्थना के समय छात्रों को यातायात के नियमों आदि की जानकारी देकर जागरूक किया जाए।
जिलाधिकारी ने सेव लाइफ़ फंडेशन के साथ जनपद स्तरीय समिति के साथ संयुक्त निरीक्षण की रिपोर्ट को सभी संबंधित अधिकारियों को हस्तगत करते हुए अंकित कार्यवाहियों को आगामी बैठक से पूर्व अनुपालन कराए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी यातायात को निर्देश दिए कि अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग से समन्वय कर जहां पर दुर्घटना होने की संभावना है या पूर्व में दुर्घटना घटित हो चुकी है, ऐसे स्थानों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। ताकि रिर्पोट के आधार पर उन स्थानों पर चेतावनी सूचक, रबर स्ट्रीप, रिफ्लैक्टर आदि की व्यवस्था कर दुर्घटना तथा दुर्घटना के कारण होने वाली जनहानि को रोक जा सके।
जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए की जनपद के समस्त विद्यालयों द्वारा संचालित की जा रही बस की फिटनेस आदि का परीक्षण किया जाए और ड्राइवर तथा कंडक्टर का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाए इस कार्य हेतु जिला विद्यालय निरीक्षक तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का भी सहयोग लिया जाए साथ ही जनपद के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत वाहन चालकों का भी स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिये कि ओवरस्पीडिंग, अवैध परिवहन आदि के संबंध में प्रवर्तन की कार्यवाही में तेजी लाए। उन्होने कहा कि सभी संबंधित अपनी- अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी के साथ निर्वहन करते हुए कार्य करें, जिससे होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगे और आमजन का जीवन सुरक्षित रहे।
उन्होंने समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि दुर्घटना बाहुल्य स्थलों का चिन्हांकन कर आवश्यक संकेतांक सूचना पट्ट स्थापित कराने के साथ-साथ अंडर पास वाले स्थान पर सर्विस रोड के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं जिससे तेज गति से चलने के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस रोड पर यदा-कदा खराब प्रकाश व्यवस्था को ठीक कराने के लिए एनएचएआई के अधिकारी सत्यवीर सिंह तथा नगरीय क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद को निर्देश दिए जिससे अंधेरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राज मार्ग के अधिकारी को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने अवैध कटों को बंद किया जाए और अवैध आवागम को रोकने के लिए समुचित प्रबंध किए जाए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को दुर्घटनाओं को रोकने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अविनाश चंद्र मौर्य, प्रभारी क्षेत्राधिकारी यातायात, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नानक चन्द्र शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।