आबकारी विभाग ने रात में शराब की दुकानों पर की छापेमारी से मचा हड़कंप, रात 10 बजे के बाद शराब बेचने पर लाइसेंस निरस्त करने की दी गई चेतावनी

टेन न्यूज़ !! २८ जून २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। बिधूना कस्बे में बीती रात आबकारी विभाग की टीम द्वारा कई शराब दुकानों पर जांच पड़ताल की गई। रात 10 बजे के बाद भी नियम के विरुद्ध शराब की बिक्री किए जाने के वायरल हुए वीडियो पर यह छापामारी की गई है, रात 10 बजे के बाद शराब बिक्री किए जाने पर लाइसेंस निरस्त किए जाने की शराब दुकानों के संचालकों को चेतावनी दी गई है, जिससे शराब दुकानों के संचालकों में हड़कंप मच गया।
बिधूना नगर में शराब ठेकों पर रात्रि 10 के बाद भी अवैध रूप से शराब की बिक्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, वीडियो को संज्ञान में लेते हुए आबकारी विभाग के निरीक्षक भगवान बक्स सिंह के नेतृत्व में विभाग की टीम बीती रात बिधूना पहुंची और कई शराब दुकानों पर जांच पड़ताल की।
आबकारी निरीक्षक भगवान बक्स सिंह ने शराब दुकानों के संचालकों से कहा कि शराब की बिक्री का समय रात्रि 10 बजे तक निर्धारित है इसके बाद शराब की बिक्री होती पाई गई तो संबंधित शराब दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। आबकारी विभाग द्वारा शराब की दुकानों पर रात में की गई छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।