जल्लापुर के पास से अवैध तमंचा व कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में भेजा गया जेल![]()
टेन न्यूज ii 29 जून 2026 ii रिपोर्टर: पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा, शाहजहाँपुर।
जनपद में अपराध एवं अवैध शस्त्रों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कटरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट आर्म्स एक्ट 1959 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी तिलहर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना कटरा पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ ग्राम जल्लापुर की ओर मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ग्राम जल्लापुर से लगभग 200 मीटर पहले शीशम के पेड़ के पास झाड़ियों से सत्यपाल (40 वर्ष) निवासी ग्राम अलियापुर, थाना कटरा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा तथा दो जिंदा .315 बोर कारतूस बरामद हुए।
बरामदगी के आधार पर थाना कटरा में आरोपी के विरुद्ध धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध पूर्व में थाना न्यू आगरा, जनपद आगरा में धारा 304 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अरुण कुमार, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल कपिल कुमार, कांस्टेबल आशीष कुमार तथा कांस्टेबल राहुल गहलौत शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शस्त्रों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।