• Mon. Jun 29th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तीन दिन से लापता बुजुर्ग का शव गर्रा नदी किनारे मिला, जंगली जानवरों द्वारा शव नोचने की आशंका

ByTen News One Desk

Jun 29, 2026
3 Views

तीन दिन से लापता बुजुर्ग का शव गर्रा नदी किनारे मिला, जंगली जानवरों द्वारा शव नोचने की आशंका


टेन न्यूज ii 29 जून 2026 ii रिपोर्टर: पप्पू अंसारी

मीरानपुर कटरा, शाहजहाँपुर।

कटरा थाना क्षेत्र के ग्राम रेहरा में तीन दिन से लापता एक बुजुर्ग का शव सोमवार सुबह गर्रा नदी किनारे स्थित यूकेलिप्टस के बाग में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव का एक हिस्सा जंगली जानवरों द्वारा नोचा हुआ मिलने पर पुलिस के साथ वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार ग्राम रेहरा निवासी खुशीराम मौर्य (60 वर्ष) शनिवार सुबह लगभग 10 बजे घर से शौच के लिए खेतों की ओर गए थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, मगर उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

सोमवार सुबह करीब 10 बजे गर्रा नदी किनारे गन्ने के खेत में काम कर रहे किसानों ने यूकेलिप्टस के बाग में एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, शाहजहाँपुर भेज दिया।

घटना की सूचना पर सामाजिक वानिकी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। वन क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार, डिप्टी रेंजर अमित कुमार एवं श्याम सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास मिले जंगली जानवरों के पदचिह्नों के आधार पर जांच शुरू कर दी। विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शव को किस जंगली जानवर ने क्षति पहुंचाई।

क्षेत्राधिकारी इशिका सिंह इशिका सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए गए हैं। उनके दाहिने पैर का मांस जंगली जानवरों द्वारा खाया हुआ मिला है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में जंगली जानवरों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!