ऑपरेशन ‘वज्र’ के तहत 424.100 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट, शाहजहांपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई![]()
टेन न्यूज ii 29 जून 2026 ii डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहजहांपुर पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यायालय के आदेश पर विभिन्न मामलों में बरामद 424.100 किलोग्राम मादक पदार्थों का वैज्ञानिक विधि से निस्तारण कराया। यह कार्रवाई थाना कटरा क्षेत्र स्थित एसपी ग्रीन लाइट एनवायरमेंट वेस्ट मैनेजमेंट एलएलपी में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।
पुलिस के अनुसार जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज चार मामलों से बरामद मादक पदार्थों को ऑपरेशन ‘वज्र’ ऑपरेशन वजरा के तहत नष्ट किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में गांजा, डोडा पोस्ता, नशीली गोलियां व कैप्सूल, स्मैक (हेरोइन), अफीम तथा चरस शामिल थे। इनकी कुल मात्रा 424.100 किलोग्राम बताई गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.60 करोड़ रुपये आंकी गई है।
निस्तारण की पूरी प्रक्रिया न्यायालय के आदेशों और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न की गई। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों की निगरानी में पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए मादक पदार्थों को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक अभिलेखीय औपचारिकताएं भी पूरी कीं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और सेवन में लिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से न केवल अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों को कड़ा संदेश जाएगा, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने की दिशा में भी यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।