• Mon. Jun 29th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शाहजहांपुर में 1 जुलाई से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

ByTen News One Desk

Jun 29, 2026
3 Views

शाहजहांपुर में 1 जुलाई से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, डीएम ने दिए सख्त निर्देश


टेन न्यूज़ ii 29 जून 2026 ii डीपी सिंह @डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। जनपद में 1 से 31 जुलाई 2026 तक संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान स्पेशल कम्युनिकेबल डिजीज कण्ट्रोल कैंपेन तथा 11 से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान दस्तक कैंपेन की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में द्वितीय अंतर्विभागीय बैठक आयोजित हुई।

बैठक में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी एमओआईसी को स्वास्थ्य केंद्रों पर समय से उपस्थित रहकर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में विकासखंड भावलखेड़ा और ददरौल के खंड विकास अधिकारियों को साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, आबादी के आसपास स्थित तालाबों में एंटी-लार्वा छिड़काव तथा घर-घर आईआरएस (इनडोर रेजिडुअल स्प्रे) का कार्य प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि एंटी-लार्वा और आईआरएस का छिड़काव पंचायत सहायक या पंचायत सचिव की निगरानी में कराया जाए तथा कोई भी घर छूटने न पाए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भावलखेड़ा के 49 तथा ददरौल के 38 संवेदनशील गांवों में अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों से अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं समन्वित तरीके से निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है, ताकि जनपदवासियों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!