प्रोजेक्ट नई किरण के तहत सात परिवार समझौते के बाद साथ रहने को हुए राजी![]()
टेन न्यूज़ ii 29 जून 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया* पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रविवार को महिला थाना ककोर में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आपसी मतभेद के चलते अलग रह रहे सात परिवारों को काउंसलिंग के माध्यम से फिर से एक साथ रहने के लिए राजी किया गया।
महिला थाना प्रभारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कुल 35 प्रकरणों की सुनवाई की गई। इनमें सात ऐसे परिवार थे, जो लंबे समय से आपसी वैचारिक मतभेद और पारिवारिक कलह के कारण अलग-अलग रह रहे थे और साथ रहने को तैयार नहीं थे। इससे उनके परिवार टूटने की कगार पर पहुंच गए थे।
काउंसलिंग के दौरान महिला थाना पुलिस और प्रोजेक्ट नई किरण की टीम ने पति-पत्नी को समझाया और दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराया। इसके बाद सातों दंपती अपने मतभेद भुलाकर दोबारा साथ रहने को राजी हो गए। समझौता होने के बाद सभी परिवारों को खुशी-खुशी उनके घर भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रोजेक्ट नई किरण के तहत टूटते परिवारों को जोड़ने और पारिवारिक रिश्तों में फिर से सामंजस्य स्थापित करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम प्रोजेक्ट नई किरण के उद्देश्य टूटते,बिछड़ते परिवारों को मिलना है।