ससुराल से लौट रहे युवक को कटरा सब्जी मंडी के सामने ट्रक ने रौंदा, दर्दनाक मौत
टेन न्यूज ii 05 जुलाई 2026 ii रिपोर्ट : पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सब्जी मंडी के पास रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बरेली निवासी 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान विपिन (30) पुत्र राकेश कुमार, निवासी गांव पुरतला, थाना फतेहगंज पश्चिमी, जनपद बरेली के रूप में हुई है। बताया गया कि विपिन अपनी ससुराल जलालाबाद से बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि विपिन सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ राहगीरों ने ट्रक का पीछा कर उसे हुलाश नगला ओवरब्रिज के पास पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। विपिन अपने पीछे पत्नी पारो तथा लगभग चार और पांच वर्ष की आयु के दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी पारो और मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजनों का विलाप देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
स्थानीय लोगों ने एक बार फिर हाईवे किनारे लगने वाली सब्जी मंडी के अतिक्रमण को हादसों की प्रमुख वजह बताया। उनका कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग तक फैली सब्जियों की दुकानें और भीड़भाड़ के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब भी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।