कटरा में हल्की बारिश से अफरीदी मोहल्ले की गली जलमग्न, जलनिकासी न होने से लोगों को भारी परेशानी

टेन न्यूज़ !! ०८ जुलाई २०२६ !! डीपी सिंह डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर
मीरानपुर कटरा नगर पंचायत के मोहल्ला अफरीदी स्थित नूरी टेलर वाली गली में हल्की बारिश के बाद ही जलभराव की गंभीर समस्या सामने आ गई। गली में पानी भर जाने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि गली में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। नाला सड़क के स्तर से ऊंचाई पर होने के कारण बारिश का पानी बाहर नहीं निकल पाता और पूरी गली तालाब में तब्दील हो जाती है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा गली निर्माण पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। परिणामस्वरूप हर बारिश में लोगों को जलभराव की समस्या झेलनी पड़ती है।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष से मांग की है कि पूर्व में जलनिकासी के लिए लगाए गए इंजन (पंप) को पुनः चालू कराया जाए, ताकि गली में भरे पानी को निकाला जा सके और लोगों को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था विकसित करने की भी मांग की है।