• Tue. Aug 25th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

औरैया में टीकाकरण के बाद ढाई माह के शिशु की मौत के बाद मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

ByTen News One Desk

Jul 11, 2026
63 Views

औरैया में टीकाकरण के बाद ढाई माह के शिशु की मौत के बाद मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप


टेन न्यूज़ !! ११ जुलाई २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र के पाता सरैया गांव में ढाई माह के एक नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने टीकाकरण में लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रथम दृष्टया टीके से मौत होने की आशंका से इनकार किया है। वहीं, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।

पाता सरैया निवासी ओमजी का ढाई माह का पुत्र सक्षम बुधवार को गांव के प्राथमिक विद्यालय में आयोजित नियमित टीकाकरण सत्र में वैक्सीन लगवाने गया था। परिजनों के अनुसार एएनएम ने बच्चे को टीका लगाया, जिसके बाद उसे घर ले जाया गया।

पिता का कहना है कि रात में बच्चा अचानक तेज रोने लगा और तड़के करीब चार बजे उसके नाक और मुंह से खून निकलने लगा। इसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पाता चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी।

सूचना पर डिप्टी सीएमओ डॉ. राकेश कुमार और अछल्दा सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार टीम के साथ गांव पहुंचे तथा मामले की जांच की। डिप्टी सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शिशु की मौत टीकाकरण से नहीं, बल्कि ब्रेन हेमरेज के कारण प्रतीत होती है।

उन्होंने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो सकता था, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!