SHAHJAHANPUR NEWS: 1544.86 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सदर तहसील के अनावासीय भवनों का वित्त मंत्री ने किया शिलान्यास

टेन न्यूज़ !! 12 जुलाई २०२६ !! डीपी सिंह, डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर।
उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को हथौड़ा में 1544.86 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सदर तहसील के अनावासीय भवनों के निर्माण कार्य का बटन दबाकर शिलापट का अनावरण करते हुए शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नए तहसील भवन के निर्माण से आम नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा सदर और ददरौल विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन भी अधिक सुगम हो जाएगा।
वित्त मंत्री ने भवन निर्माण के लिए चयनित स्थल को उपलब्ध कराने एवं उसे निर्माण योग्य बनाने के लिए जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नए परिसर में पर्याप्त पार्किंग और खुली जगह की व्यवस्था होने से आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।![]()
उन्होंने कहा कि सैटलाइट बस अड्डे के संचालन से सीतापुर, हरदोई, बरेली और मोहम्मदी के लिए यातायात संपर्क बेहतर हुआ है। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने जिलाधिकारी को थर्ड पार्टी से सत्यापन कराने के निर्देश दिए और कहा कि प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मा० मंत्री ने बताया कि क्षेत्र में नाले के निर्माण का कार्य भी प्रस्तावित है, जिसका कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि तहसील भवन के निर्माण से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर में नागरिकों को वे सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है जो प्रदेश के बड़े शहरों में उपलब्ध हैं। शिक्षा, चिकित्सा और महिला सशक्तिकरण सहित सभी क्षेत्रों में सरकार लगातार कार्य कर रही है।![]()
वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने जनपद में अस्पताल, स्पोर्ट्स स्टेडियम, हॉकी क्लब, नक्षत्रशाला, हथौड़िया पुल तथा जनपद न्यायालय सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।
राज्यसभा सांसद श्री मिथिलेश कुमार कठेरिया ने कहा कि वित्त मंत्री के प्रयासों से जनपद में चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में सभी को अपना योगदान देना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गरीबों और महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं तथा नए तहसील भवन के निर्माण से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
लोकसभा सांसद श्री अरुण कुमार सागर ने कहा कि वर्तमान तहसील तक पहुंचने में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जबकि नए भवन के निर्माण से आम नागरिकों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस समय जनपद में सभी विधानसभा क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं।![]()
विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि वित्त मंत्री सदैव जनपद के विकास के लिए समर्पित रहते हैं और नए तहसील भवन के निर्माण से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिलेगा।
ददरौल विधायक श्री अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि नए तहसील भवन के निर्माण से लोगों के समय की बचत होगी तथा उन्हें बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए राजकीय महाविद्यालय की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार केवल विकास कार्यों का शिलान्यास ही नहीं करती, बल्कि उन्हें पूर्ण कराकर जनता को समर्पित भी करती है।
कार्यक्रम के अंत में अपर जिलाधिकारी श्री रजनीश कुमार मिश्र ने उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष के.सी. मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख, पार्षद, अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।