“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत कन्नौज पुलिस ने किया जनपद भर में वृहद वृक्षारोपण

टेन न्यूज़ !! 12 जुलाई २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज:
पर्यावरण संरक्षण और धरती को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत रविवार को पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन में जनपद के सभी थाना, चौकी एवं पुलिस कार्यालयों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया।
इस अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए तथा उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
इस अवसर पर पुलिस कर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आमजन से भी अपील की कि वे अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएँ और उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें।
कन्नौज पुलिस का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और हरित भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।