शराब के नशे में घर में घुसा युवक, महिला से छेड़छाड़, मारपीट कर किया घायल![]()
टेन न्यूज़ ii 17 जुलाई 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहांपुर)। थाना तिलहर क्षेत्र के एक गांव में शराब के नशे में धुत युवक द्वारा घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 9 जुलाई की शाम करीब सात बजे गांव का एक युवक शराब के नशे में उसके घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद वह जबरन घर में घुस आया और कथित तौर पर बुरी नीयत से उसे पकड़कर छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने लात-घूंसों और डंडे से मारपीट की। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसके शरीर पर दांतों से काटकर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे वह लहूलुहान हो गई।
इसी दौरान महिला का पति घर पहुंच गया और पत्नी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। शोर-शराबा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
कोतवाली तिलहर पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम तलाश में जुटी है।