एडीओ पंचायत की बर्खास्तगी की मांग, ब्राह्मण समाज ने सौंपा ज्ञापन

टेन न्यूज ii 17 जुलाई 2026 ii रिपोर्ट: पप्पू अंसारी
तिलहर, शाहजहांपुर।
तिलहर तहसील मुख्यालय पर शुक्रवार को ब्राह्मण समाज के लोगों ने एडीओ पंचायत वीरसेन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन नायब तहसीलदार निवेदिता ठाकुर को सौंपा। ज्ञापन में आरोपी अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा विभागीय कार्रवाई करते हुए बर्खास्त करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि एडीओ पंचायत वीरसेन ने ब्राह्मण समाज के संबंध में कथित रूप से अशोभनीय टिप्पणी की है, जिससे समाज की भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणी से न केवल क्षेत्र के लोगों में रोष है, बल्कि देश-विदेश में रहने वाले ब्राह्मण समाज के लोगों के सम्मान को भी ठेस पहुंची है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि किसी भी समाज के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना अस्वीकार्य है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी एडीओ पंचायत के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराई जाए। साथ ही विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त किया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी किसी समाज के प्रति इस प्रकार की टिप्पणी करने का साहस न कर सके।
नायब तहसीलदार निवेदिता ठाकुर ने प्रदर्शनकारियों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि उनका ज्ञापन जिलाधिकारी तक तत्काल पहुंचा दिया जाएगा और शासन-प्रशासन के स्तर पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञापन पर अभिषेक शर्मा, शीलेंद्र मोहन मिश्रा, मनोज शर्मा, अंकित मिश्रा, सोनी मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, राकेश, विकास शर्मा, सनी तिवारी, अनुज मिश्रा, आकाश मिश्रा, दिनेश शर्मा, उमेश शर्मा, विवेक मिश्रा, शिवम मिश्रा, प्रमोद मिश्रा, अनुराग मिश्रा, सुनील शर्मा, बृजेश मिश्रा, अरविंद मिश्रा, यश पांडे, सोनू पंडित सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोगों के हस्ताक्षर रहे और वे प्रदर्शन में शामिल रहे।