पनाश सोसाइटी की हाईराइज बिल्डिंग में मॉक ड्रिल, परखी गई राहत-बचाव की तैयारियां![]()
टेन न्यूज ii 30 जुलाई 2026 ii रुपेश शर्मा ब्यूरो, अलवर
नागरिक सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को पनाश सोसाइटी की हाईराइज बिल्डिंग में आग लगने की आपात स्थिति को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन, सिविल डिफेंस, नगर निगम और चिकित्सा विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर अपनी तैयारियों को परखा।![]()
दोपहर करीब 12:30 बजे नियंत्रण कक्ष से सूचना प्रसारित की गई कि प्रताप ऑडिटोरियम के पास स्थित पनाश सोसाइटी के 9वें अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 905 में आग लग गई है। सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अपार्टमेंट तथा आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया और आग बुझाने के साथ ही मॉक ड्रिल के दौरान घायल व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए भेजने का अभ्यास किया गया।![]()
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला और पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने मौके पर पहुंचकर पूरी कार्रवाई का निरीक्षण किया। जिला कलक्टर ने बताया कि अग्निशमन, पुलिस, सिविल डिफेंस, जेसीबी, मेडिकल, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी टीमों का रेस्पॉन्स टाइम संतोषजनक रहा। हालांकि पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस पहुंचने में कुछ अधिक समय लगा, जिसे सुधारने के निर्देश दिए जाएंगे। नगर निगम की आधुनिक हाइड्रोलिक फायर मशीन का भी परीक्षण किया गया।
मॉक ड्रिल के बाद अधिकारियों ने स्काउट-गाइड और सभी कार्मिकों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्य की सराहना की।