• Wed. Aug 5th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान में युवाओं का जोश, राज्य स्तर के लिए चुने गए विजेता

ByTen News One Desk

Aug 5, 2026
7 Views

‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान में युवाओं का जोश, राज्य स्तर के लिए चुने गए विजेता


टेन न्यूज ii 05 अगस्त 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान के तहत कन्नौज पब्लिक स्कूल में जनपद स्तरीय आठ रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को “नशा मुक्त भारत-2047” के संकल्प से जोड़ना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज, जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण, नवाचार, खेल और समाज सेवा में अपनी ऊर्जा लगाए। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यार्थियों से शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने बताया कि यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से चलाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, भाषण, स्लोगन लेखन, कविता पाठ और रील प्रतियोगिता सहित आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति पर शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त सभी प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया, जहां वे जनपद कन्नौज का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों और अतिथियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली तथा हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं को राष्ट्र निर्माण और नशामुक्त भारत के अभियान से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!