• Wed. Aug 5th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शाहजहांपुर में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां तेज, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

ByTen News One Desk

Aug 5, 2026
4 Views

शाहजहांपुर में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां तेज, डीएम ने दिए सख्त निर्देश


टेन न्यूज ii 05 अगस्त 2026 ii डीपी सिंह, डेस्क न्यूज

शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस, हर घर तिरंगा अभियान (9 से 17 अगस्त) और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस (14 अगस्त) के आयोजन को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों के साथ कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस एवं हर घर तिरंगा अभियान के सभी कार्यक्रम समयबद्ध और भव्य तरीके से आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक सभी घरों, सरकारी और निजी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया जाए। साथ ही तिरंगा थीम पर सजावट, प्रकाश व्यवस्था और जनभागीदारी के साथ हर घर तिरंगा रैलियां निकाली जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक रैली की शुरुआत सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ के गायन से की जाए।

डीएम ने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर देश के विभाजन की पीड़ा और उससे जुड़े संघर्षों से नई पीढ़ी को अवगत कराया जाएगा। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखा जाएगा तथा शहीद उद्यान से गांधी भवन तक कैंडल मार्च निकाला जाएगा।

उन्होंने देश की रक्षा में शहीद हुए सैनिकों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को कार्यक्रमों में सम्मानित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही सभी आयोजनों में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान का आयोजन सुनिश्चित करने तथा नगर सहित पूरे जनपद में महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!