बढ़े बिजली बिल और लोड के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन![]()
टेन न्यूज ii 05 अगस्त 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहाँपुर)। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव (अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ) प्रोफेसर जाने आलम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर बढ़े हुए बिजली बिल और उपभोक्ताओं पर बढ़ाए गए विद्युत लोड का विरोध जताया।
ज्ञापन में प्रोफेसर जाने आलम ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों से विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं का बिजली लोड बिना पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराए दोगुना, तिगुना और कई मामलों में चौगुना तक बढ़ा दिया है। इसके साथ ही बिजली के बिलों में भी भारी वृद्धि की गई है, जिससे आम उपभोक्ता आर्थिक बोझ झेलने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि विभाग ने उपभोक्ताओं से अधिक शुल्क तो वसूल लिया, लेकिन न तो पुराने और जर्जर विद्युत केबल बदले गए और न ही अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर लगाए गए। उनका आरोप है कि यह उपभोक्ताओं के साथ सीधा शोषण है। उन्होंने कहा, “जब विभाग अतिरिक्त पैसा ले रहा है तो बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध करानी चाहिए।”
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि बढ़ाए गए लोड और बिजली बिलों की समीक्षा कर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए तथा विद्युत व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएं।
प्रदर्शन के दौरान जिला सचिव अजय पाठक, सुभाष चंद्र शुक्ला, चांद अंसारी, विधानसभा अध्यक्ष (अल्पसंख्यक) दानिश शेख, विधानसभा अध्यक्ष यूथ कांग्रेस सैयद फिरोज अली, कांग्रेस सेवा दल नगर अध्यक्ष राम सिंह, नगर महासचिव अफजाल हुसैन खान, सैयद अनस अहमद, इम्तियाज खान, मो. इमरान, मो. इरशाद, नगर उपाध्यक्ष नईम यार खान, बाबर बेग, नगर सचिव रईस खान, वाहेद, जहीर नेताजी, सैय्यद शोएब ‘शब्बू’, संजय शर्मा, रजत शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।