• Wed. Aug 5th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

खाद की किल्लत को लेकर सहकारी समिति पर किसान यूनियन का धरना

ByTen News One Desk

Aug 5, 2026
3 Views

खाद की किल्लत को लेकर सहकारी समिति पर किसान यूनियन का धरना


टेन न्यूज़ ii 05 अगस्त 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया।* खरीफ सीजन में खाद की उपलब्धता को लेकर सोमवार को बहुद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति, सहार पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों ने किसानों के साथ धरना-प्रदर्शन किया।

किसानों ने आरोप लगाया कि समिति समय से नहीं खुलती और समय पर खाद नहीं मिलने से खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है। धरने का नेतृत्व किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष विपिन राजपूत एवं ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह ने किया।

किसानों ने समिति की कार्यप्रणाली में सुधार तथा समय पर खाद वितरण की मांग करते हुए अधिकारियों से व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग उठाई। समिति सचिव मधु जायसवाल ने बताया कि 30 जुलाई को समिति को 300 बोरी यूरिया प्राप्त हुई थी, जिसमें से रविवार तक 251 बोरी वितरित की जा चुकी थी। शेष 49 बोरी का वितरण सोमवार को किया जा रहा है।

वहीं 31 जुलाई को 300 बोरी डीएपी प्राप्त हुई थी, जिसमें से 70 किसानों को खाद दी जा चुकी है, जबकि 230 बोरी डीएपी अभी स्टॉक में उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि 600 बोरी यूरिया की अतिरिक्त मांग भी भेजी जा चुकी है।

सचिव ने बताया कि समिति के अंतर्गत सहार, पूर्वा दानशाह, पूर्वा रावत, रामनगर, किचहिया गोपालपुर, जीवा सिरसानी, शाहबाजपुर, तिलकपुर, बहादुरपुर और हरबंशपुर ग्राम पंचायतें आती हैं। उन्होंने कहा कि बिधूना ब्लॉक के किसान भी यहां खाद लेने पहुंच जाते हैं, जिससे दबाव बढ़ जाता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की फार्मर रजिस्ट्री और आधार कार्ड के सत्यापन के बाद ही नियमानुसार खाद का वितरण किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!