थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

टेन न्यूज़ !! ०८ अगस्त २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान तथा जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने थाना गुरसहायगंज में आयोजित थाना समाधान दिवस में प्रतिभाग कर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतों को सुनना नहीं, बल्कि पीड़ित व्यक्ति को न्याय एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है। प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनी जाए और प्रकरण की वास्तविक स्थिति का स्थलीय परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, राजस्व एवं पुलिस से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर जांच एवं निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रकरणों में अनावश्यक देरी न हो तथा दोनों पक्षों की बात निष्पक्ष रूप से सुनते हुए कानून एवं नियमों के अनुरूप कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ करें। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को त्वरित न्याय एवं सुगम प्रशासन उपलब्ध कराया जाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।