रायबरेली में रेलवे लाइन किनारे संदिग्ध हालात में मिला अग्निवीर जवान का शव, शरीर पर चोट के निशान

टेन न्यूज़ !! ११ जुलाई २०२६ !! रिपोर्ट वसीम खान ब्यूरो, लोकेशन रायबरेली
रायबरेली। जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक अग्निवीर जवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे लाइन के किनारे बरामद हुआ। मृतक के शरीर पर जाहिरा चोट के निशान पाए गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
प्रयागराज में तैनात था जवान
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच और पहचान के अनुसार, मृतक की शिनाख्त 22 वर्षीय ध्रुव पुत्र प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। वह हरियाणा के रेवाड़ी जिले के कसौला थाना क्षेत्र स्थित जदतल (पोस्ट रलिया) का रहने वाला था। ध्रुव भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में तैनात था और उसकी पोस्टिंग प्रयागराज में थी।![]()
स्थानीय ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
मंगलवार की सुबह रूपामऊ रेलवे स्टेशन के पास से गुजर रहे ग्रामीणों ने ट्रैक किनारे शव देखकर स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची एसओ जीआरपी की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल जीआरपी और स्थानीय पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट