• Tue. Aug 11th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

संभव अभियान-6.0 में लापरवाही पर डीएम ने कम प्रगति वाले चार परियोजना अधिकारियों को चेतावनी जारी करने के दिए निर्देश

ByTen News One Desk

Aug 11, 2026
3 Views

संभव अभियान-6.0 में लापरवाही पर डीएम ने कम प्रगति वाले चार परियोजना अधिकारियों को चेतावनी जारी करने के दिए निर्देश


टेन न्यूज़ !! ११ अगस्त २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग तथा जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागीय योजनाओं, संभव अभियान-6.0 एवं पोषण संबंधी विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

संभव अभियान-6.0 के अंतर्गत जुलाई 2026 में विभिन्न सूचकांकों में अपेक्षित प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बाल विकास परियोजना भावलखेड़ा, निगोही, सिंधौली एवं जैतीपुर में कम प्रगति पर संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों, मुख्य सेविकाओं/सुपरवाइजर एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि संभव अभियान-6.0 के सभी निर्धारित बिंदुओं पर शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों से पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 15 अगस्त तक प्रगति में अपेक्षित सुधार दिखाई देना चाहिए।

जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर वीएचएसएनडी सत्रों का निर्धारित समय पर आयोजन सुनिश्चित कराने तथा सभी सुपरवाइजरों को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के ऊपर अथवा उनके आसपास से गुजरने वाली हाईटेंशन विद्युत लाइनों की सूचना संकलित कर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जा सकें।

बैठक में पोषण ट्रैकर की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे सभी लाभार्थी, जिनके स्वयं के आधार कार्ड बन चुके हैं, उनका केंद्रवार विवरण संकलित कर अपार आईडी बनवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत सभी लाभार्थियों का मोबाइल सत्यापन एक दिवस के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को प्रतिदिन शत-प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुनिश्चित कराने तथा पोषण ट्रैकर पर आवश्यक विवरण का शत-प्रतिशत अंकन कराने के निर्देश दिए। एफआरएस के माध्यम से अनुपूरक पुष्टाहार वितरण की प्रतिदिन समीक्षा करने तथा जुलाई 2026 में टीएचआर वितरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना चेहरा प्रमाणीकरण के अनुपूरक पुष्टाहार का वितरण किसी भी स्थिति में न किया जाए।

जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराते हुए हैंडओवर की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों पर कराए जा रहे पोषण वाटिका के कार्यों का सभी मुख्य सेविकाओं द्वारा स्थलीय भ्रमण कर सत्यापन सुनिश्चित कराने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य सेविकाएं एवं ब्लॉक समन्वयक उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!