• Tue. Aug 18th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

ByTen News One Desk

Aug 18, 2026
5 Views

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश


टेन न्यूज़ !! १८ अगस्त २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज

जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में तहसील कन्नौज सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसील कन्नौज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 77 संदर्भ/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 17 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को समयबद्ध कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को सौंपा गया।

इस दौरान किसान दरोगा सिंह की खतौनी में दर्ज नाम से संबंधित समस्या जिलाधिकारी के संज्ञान में आई। जिलाधिकारी के निर्देश पर किसान का नाम तत्काल खतौनी में दुरुस्त कराया गया। खतौनी प्राप्त होने पर किसान ने त्वरित कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सम्पूर्ण समाधान दिवस एवं अन्य शिकायत पोर्टलों पर लंबित प्रकरणों का नियमित अनुश्रवण किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, तथ्यपरक एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व संबंधी मामलों, भूमि विवाद, पैमाइश, अवैध कब्जे, विद्युत, पेयजल एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए। संबंधित अधिकारी आवश्यकतानुसार मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण एवं जांच करते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों का दायित्व है कि प्रत्येक फरियादी की बात संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुनते हुए उसे न्यायोचित एवं प्रभावी समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निस्तारित प्रकरणों की गुणवत्ता एवं वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता को वास्तव में राहत मिल सके।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विकास चंद्रा, जिला विकास अधिकारी श्री राजकुमार लोधी, उप जिलाधिकारी सदर श्री वैभव गुप्ता, सहित राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत कृषि, समाज कल्याण, पेयजल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

error: Content is protected !!