मिशन शक्ति अभियान में महिलाओं को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी

टेन न्यूज़ !! ०५ सितम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
कन्नौज। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से कन्नौज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना कोतवाली कन्नौज क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्राधिकारी नगर शिल्पा वर्मा ने महिला थाना पुलिस बल के साथ महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं छात्राओं को नारी सम्मान, महिला सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी और पासवर्ड साझा करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने तथा सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क करने से होने वाले संभावित नुकसान के बारे में भी सचेत किया गया।
क्षेत्राधिकारी नगर ने महिलाओं एवं छात्राओं से किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। इस दौरान महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी देते हुए इनके उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी परिस्थिति में डरने के बजाय पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कन्नौज पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें जागरूक और सशक्त बनाना है।