उफनाती गर्रा नदी ने अहियापुर-जिक्रिपुर रास्ते पर दी दस्तक

टेन न्यूज़ !! ०५ सितम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना
तिलहर, शाहजहांपुर। लगातार दियुनी बैराज से गर्रा नदी में छोड़े जा रहे पानी के चलते शाहजहांपुर जिले में नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर ने तिलहर क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। गर्रा नदी की लहरें अब खेत-खलिहानों तक पहुंचने लगी हैं, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
तिलहर क्षेत्र के जिक्रीपुर, अहियापुर, मोहनपुर परसेला, चिट्ठीबोझी समेत दर्जनों गांवों के लोग नदी के बढ़ते जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि पानी का स्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
गर्रा नदी का पानी लहरों के साथ खेत-खलिहानों से होते हुए अब अहियापुर से जिक्रीपुर जाने वाले रास्ते तक पहुंच गया है। पानी सड़क पर दस्तक देने से ग्रामीणों की आवाजाही को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। यदि जलस्तर में और वृद्धि हुई तो जिक्रीपुर जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद होने की आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि नदी में लगातार पानी छोड़े जाने से हालात पर नजर रखना जरूरी हो गया है। ग्रामीण किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सतर्क हैं। फिलहाल गर्रा नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते तटीय गांवों के लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।