जन्मदिवस पर तहसीन सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं संग की बैठक, 2027 में अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य![]()
बूथ मजबूत करने और घर-घर संदेश पहुंचाने का कार्यकर्ताओं से किया आह्वान
टेन न्यूज ।। 13 सितम्बर 2026 ।। तौफीक फारूकी ब्यूरो| फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता तहसीन सिद्दीकी ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर आवास पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उन्हें जन्मदिवस की बधाई दी और दीर्घायु की कामना की।![]()
बैठक को संबोधित करते हुए तहसीन सिद्दीकी ने कहा कि उन्होंने अपने जन्मदिवस पर संकल्प लिया है कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से पूरी ताकत के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कन्नौज और फर्रुखाबाद के प्रत्येक बूथ को मजबूत करना है। हर कार्यकर्ता बूथ का सितारा है और ‘बूथ जीता तो चुनाव जीता’ के मंत्र पर काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक गांव, कस्बे और मोहल्ले में जाकर बूथ कमेटियों का गठन करें तथा अखिलेश यादव का संदेश घर-घर तक पहुंचाएं।
तहसीन सिद्दीकी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान, मजदूर, नौजवान और व्यापारी समेत सभी वर्ग परेशान हैं। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर जनता में असंतोष है और लोग बदलाव चाह रहे हैं।
उन्होंने अखिलेश यादव के पिछले कार्यकाल के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की थीं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता वर्ष 2027 में एक बार फिर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है।
बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया और उनके समर्थन में नारे लगाए।