फर्रुखाबाद में बाढ़ का कहर: 111 गांव प्रभावित, रामगंगा खतरे के निशान से ऊपर पहुंची, नाव से हो रहा आवागमन ![]()
रामगंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर, गंगा में मामूली गिरावट
टेन न्यूज़ ।। 13 सितम्बर 2026 ।। तौफ़ीक़ फारूकी ब्यूरो
फर्रुखाबाद। जिले में गंगा और रामगंगा नदियां उफान पर हैं। रामगंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है, जबकि गंगा के जलस्तर में पांच सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई है। दोनों नदियों के बढ़ते जलस्तर से सदर, कायमगंज और अमृतपुर तहसील क्षेत्र के करीब 111 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं।
रविवार को मिली रिपोर्ट के अनुसार, गंगा का जलस्तर खतरे के निशान 137.10 मीटर से पांच सेंटीमीटर कम होकर 137.05 मीटर पर आ गया। वहीं, रामगंगा का जलस्तर खतरे के निशान 137.10 मीटर से 10 सेंटीमीटर ऊपर यानी 137.20 मीटर दर्ज किया गया।
जानकारी के अनुसार, नरौरा बांध से 67,667 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। रामगंगा में खो बैराज से 700, हरेली बैराज से 333 और रामनगर बैराज से 4,414 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
कई गांवों में नावों से आवागमन
बाढ़ प्रभावित गांवों में आवागमन के लिए नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कई गांवों में चारों तरफ पानी भर गया है, जबकि कुछ स्थानों पर सड़कें भी कट गई हैं। समैचीपुर चितार गांव में गंगा लगातार कटान कर रही है। प्रशासन के अनुसार, कटान रोकने के लिए कार्य जारी है।
बदायूं-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर राजेपुर थाना क्षेत्र के चित्रकूट डिप पर एक फीट से अधिक पानी बह रहा है। वहीं, शमशाबाद-शाहजहांपुर मार्ग पर भी करीब दो फीट पानी भर गया है।
प्रशासन लगातार बाढ़ की स्थिति पर नजर रख रहा है। प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की जा रही है। बाढ़ शरणालयों में लोगों को ठहराने के साथ पका हुआ भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।