• Tue. Sep 29th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बिरुहुनी दंगल कमेटी पर पहलवानों ने लगाए गंभीर आरोप

ByTen News One Desk

Sep 29, 2026
3 Views

बिरुहुनी दंगल कमेटी पर पहलवानों ने लगाए गंभीर आरोप


इनाम की धनराशि में गड़बड़ी और अभद्रता का लगाया आरोप, कमेटी अध्यक्ष ने आरोपों को बताया निराधार


टेन न्यूज़ ।। 29 सितम्बर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। अजीतमल क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिरुहुनी में बुढ़वा मंगल के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय दंगल को लेकर कुछ पहलवानों ने दंगल कमेटी के पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पहलवानों ने कमेटी पर अभद्र व्यवहार, मंच से धक्का-मुक्की तथा घोषित इनाम की धनराशि नहीं देने और धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।

बताया गया कि बिरुहुनी गांव में वर्ष 2010 से लगातार दंगल का आयोजन होता आ रहा है। इस बार भी दो दिवसीय दंगल में दूर-दराज से नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया। ग्राम क्योंटरा निवासी पहलवान जिलाजीत मनोज ने मीडिया को बताया कि एक कुश्ती में एक लाख 51 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी, लेकिन विजेता पहलवान को कथित तौर पर केवल 15 हजार रुपये दिए गए।

पहलवान ने आरोप लगाया कि चैंपियन विजेता के लिए मोटरसाइकिल और 51 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, लेकिन विजेता को कथित तौर पर केवल 21 हजार रुपये दिए गए। उनका यह भी आरोप है कि मोटरसाइकिल के साथ विजेता पहलवान की वीडियोग्राफी कराने के बाद मोटरसाइकिल को वापस एजेंसी भेज दिया गया।

पहलवानों ने दंगल कमेटी के अध्यक्ष पवन ठाकुर और अन्य सदस्यों पर मंच पर पहलवानों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की करने के आरोप भी लगाए हैं।

मामले में मीडिया ने दंगल कमेटी के अध्यक्ष पवन ठाकुर से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया। उन्होंने पहलवानों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया, हालांकि उन्होंने कैमरे के सामने अपना पक्ष रखने से इनकार कर दिया। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!