वडनगर से वाराणसी निकले सेवा संकल्प यात्री, शाहजहांपुर में बाबूजी महाराज को किया नमन![]()
टेन न्यूज़ ।। 01 अक्टूबर 2026 ।। डीपी सिंह@डेस्क न्यूज
शाहजहांपुर। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली वडनगर, गुजरात से उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक निकाली गई मोटरसाइकिल यात्रा गुरुवार को शाहजहांपुर पहुंची। शहर में पहुंचने पर यात्रा में शामिल यात्रियों ने अजीजगंज स्थित सहज मार्ग जंक्शन पर महात्मा रामचंद्र जी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सेवा संकल्प यात्रा में शामिल कई यात्री श्री रामचंद्र मिशन और हार्टफुलनेस मेडिटेशन के साधक हैं। यात्रियों ने शाहजहांपुर पहुंचने पर बाबूजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने की इच्छा जताई थी। इसके बाद मिशन के प्रशिक्षक राजगोपाल अग्रवाल ने कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी कराईं।
यात्रियों के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भी महात्मा रामचंद्र जी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान सेवा संकल्प यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं के अलावा श्री रामचंद्र मिशन के संयुक्त सचिव अर्जुन अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, सुयश सिन्हा, मदन अग्रवाल, कृष्णा भारद्वाज, सुरेंद्र सिन्हा, अशोक लोधी, एसके शर्मा, आलोक कुमार, आलोक श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। यात्रा का उद्देश्य वडनगर से वाराणसी तक विभिन्न स्थानों से गुजरते हुए सेवा और संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाना बताया गया।