आईटीआई रोजा में गूंजा सड़क सुरक्षा का संदेश, प्रशिक्षुओं को दिलाई नियमों की सीख![]()
टेन न्यूज ।। 01 अक्टूबर 2026 ।। डीपी सिंह @डेस्क न्यूज
शाहजहांपुर। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय आईटीआई रोजा में प्रशिक्षुओं को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया गया। पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में प्रभारी यातायात ने कार्यक्रम में पहुंचकर प्रशिक्षुओं को जागरूक किया।
प्रभारी यातायात ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि “शहीदों की नगरी शाहजहांपुर से यातायात सुरक्षा का संदेश पूरे प्रदेश में जाना चाहिए।” उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का जिम्मेदारी से पालन करना जरूरी है।
इस दौरान प्रशिक्षुओं को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की गई।
प्रभारी यातायात ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले व्यक्ति को ₹25 हजार का नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्राप्त हो सकता है।
उन्होंने कहा कि “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” के मंत्र को जीवन में अपनाना होगा। स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी जागरूक करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में राजकीय आईटीआई के प्राचार्य, कर्मशाला अनुदेशक और बड़ी संख्या में प्रशिक्षु मौजूद रहे।