• Sat. Oct 3rd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मुरादगंज गैस सिलेंडर ब्लास्ट: दो युवकों की मौत के बाद मुआवजे पर अड़े परिजन, एडीएम-एएसपी के प्रयास से हुआ अंतिम संस्कार

ByTen News One Desk

Oct 3, 2026
8 Views

मुरादगंज गैस सिलेंडर ब्लास्ट: दो युवकों की मौत के बाद मुआवजे पर अड़े परिजन, एडीएम-एएसपी के प्रयास से हुआ अंतिम संस्कार


टेन न्यूज।। 03 अक्टूबर 2026 ।। औरैया। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल।

अजीतमल क्षेत्र के मुरादगंज कस्बे में शिव शंभू स्वीट हाउस के बेसमेंट में 13 सितंबर को गैस सिलेंडर में हुए ब्लास्ट और आग की घटना में झुलसे दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों शवों को परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब तीन दिन तक अंतिम संस्कार के लिए नहीं उठाया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के समझाने तथा मुआवजा दिलाए जाने के बाद दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार कराया गया।

जानकारी के अनुसार हादसे में दुकान पर काम कर रहे चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर और फिर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। हालत गंभीर होने पर चारों को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इलाज के दौरान शिवम पुत्र सज्जन बाबू ने 30 सितंबर की शाम करीब छह बजे दम तोड़ दिया। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब पांच बजे विपिन पुत्र किशनलाल की भी मौत हो गई। दोनों युवकों की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुरादगंज पुलिस चौकी पहुंचकर नाराजगी जताई। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ अजीतमल शैलेंद्र सिंह ने मामले में मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई किए जाने की बात कही।

इसके बाद मृतक के परिजन कोतवाली अजीतमल पहुंचे। जगतपुर निवासी अनुज कुमार पुत्र कैलास बाबू ने तहरीर देकर लापरवाही का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

इधर, दोनों शवों को करीब तीन दिन तक रखकर परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक ने परिजनों से वार्ता कर उन्हें समझाया। अधिकारियों के प्रयास से मृतकों के परिजनों को मुआवजा राशि दिलाई गई, जिसके बाद दोनों शवों का अंतिम संस्कार कराया गया।

हादसे में घायल अन्य दो युवकों का इलाज जारी है। उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!