तहसील दिवस में डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश![]()
विद्युत विभाग के एसई की अनुपस्थिति पर डीएम नाराज, स्पष्टीकरण तलब
टेन न्यूज़ ।। 03 अक्टूबर 2026 ।। डीपी सिंह, डेस्क न्यूज
शाहजहांपुर । तहसील सदर में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान तहसील दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने तहसील सभागार में फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान तहसील दिवस में कुल 34 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्राप्त शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
विद्युत एसई के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने जताई नाराजगी
तहसील दिवस के दौरान विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप सिंह के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधीक्षण अभियंता का स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
मौके पर जाकर शिकायतों की जांच के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस, आईजीआरएस और जनता दर्शन सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लिया जाए। अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें और शिकायतकर्ता की उपस्थिति में जियो-टैग फोटो के साथ निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं होना चाहिए, बल्कि उसका प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित करते हुए उसकी समस्या का वास्तविक समाधान किया जाए, ताकि उसे निस्तारण की प्रक्रिया और परिणाम की जानकारी मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि अपनी समस्या लेकर सरकारी कार्यालय पहुंचने वाला प्रत्येक फरियादी उम्मीद लेकर आता है। इसलिए अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अतुल कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।