तिलहर में लेखपालों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को भेजा आठ सूत्रीय ज्ञापन![]()
टेन न्यूज।। 03 अक्टूबर 2026 ।। अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर । उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शनिवार को तिलहर तहसील परिसर में प्रदर्शन कर लेखपालों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन तहसील प्रशासन को सौंपा गया। प्रदर्शन का नेतृत्व तहसील अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और मंत्री तरुण प्रताप सिंह ने किया।
लेखपाल संघ ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि लगातार बढ़ते कार्यभार के बावजूद लेखपालों को पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। राजस्व कार्यों के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं अन्य कार्यों का अतिरिक्त जिम्मा भी लेखपालों पर है। इससे काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
संघ ने करीब 10 वर्षों से लंबित 2800 ग्रेड पे के शुरुआती वेतनमान की मांग को प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा वेतन संबंधी समस्याओं का निस्तारण, पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने तथा अन्य सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई।
लेखपालों का कहना है कि उन्हें छुट्टी के दिनों में भी लगातार ड्यूटी करनी पड़ती है। इससे कार्यभार और बढ़ जाता है। संघ ने सरकार से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द समाधान कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान शिवा गुप्ता, अंशू बाजपेई, आदित्य सिंह चौहान, राजकमल पटेल, बिहारी लाल, चंद्रजीत सिंह, शालिनी शर्मा और विक्रम चंद्र सहित कई लेखपाल मौजूद रहे।