अवैध असलहा फैक्ट्री का पुलिस ने किया भंडाफोड़, एक गिरफ्तार![]()
टेन न्यूज़ ।। 03 अक्टूबर 2026 ।। रामजी पोरवाल ब्यूरो
औरैया। थाना दिबियापुर पुलिस, एसओजी एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शस्त्र निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 19 बने हुए तमंचे, 12 अधबने तमंचे, कारतूस तथा अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में 1 अक्टूबर 2026 को की गई। पुलिस टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि थाना दिबियापुर क्षेत्र के मलकापुर गांव के खेतों में बने एक ट्यूबवेल के पास अवैध शस्त्र निर्माण किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर थाना दिबियापुर पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने ट्यूबवेल के पास दबिश दी। पुलिस के पहुंचने पर एक व्यक्ति विद्युत ट्रांसफार्मर से विद्युत केबल डालकर वेल्डिंग मशीन और ग्राइंडर की मदद से अवैध तमंचे तैयार करता मिला। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 19 तैयार तमंचे और 12 अधबने तमंचे बरामद हुए। इसके अलावा भारी मात्रा में कारतूस तथा अवैध शस्त्र बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी पुलिस ने बरामद किए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पैसों के लालच में अवैध शस्त्र बनाने का काम करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी वेल्डिंग का काम करने की आड़ में अवैध शस्त्र निर्माण करता था और तैयार तमंचों को दूर-दराज के क्षेत्रों में महंगे दामों पर बेचकर अपनी आजीविका चलाता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद कुमार राजपूत पुत्र सालिगराम, निवासी नंदपुर, थाना दिबियापुर, जनपद औरैया, उम्र करीब 51 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया