शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राजीव चौहान को भारतीय कृषक दल ने बनाया प्रत्याशी![]()
टेन न्यूज।। 03 अक्टूबर 2026 ।। अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर। भारतीय कृषक दल ने बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कैप्टन (डॉ.) राजीव कुमार चौहान को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी के पूर्ण समर्थन के साथ शनिवार को राजीव कुमार चौहान ने निर्वाचन अधिकारी एवं मंडलायुक्त, बरेली को अपना नामांकन पत्र सौंपा।
नामांकन के दौरान भारतीय कृषक दल के पदाधिकारी एवं समर्थक मौजूद रहे। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने प्रत्याशी को समर्थन देते हुए चुनाव में संगठन की ओर से पूरी मजबूती के साथ काम करने की बात कही।
नामांकन के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए भारतीय कृषक दल के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव प्रमोद यादव “जनसेवक” ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का मिशन “शोषण के विरुद्ध संघर्ष का विजन” लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य ईमानदार, क्रांतिकारी और संघर्षशील लोगों को राजनीतिक शक्ति के रूप में आगे लाना है।
प्रमोद यादव ने कहा कि भारतीय कृषक दल ऐसे लोगों को राजनीतिक मंच उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा, जो जनहित और राष्ट्रहित की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र में आम जनता और समाज के हितों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि संगठन अपने मिशन के तहत संघर्षशील एवं ईमानदार लोगों को आगे बढ़ाने का कार्य जारी रखेगा, ताकि जनहित एवं राष्ट्रहित की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके। नामांकन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह दिखाई दिया।