कन्नौज में 3,216 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित, लंबित मामलों के निस्तारण के निर्देश![]()
टेन न्यूज ।। 03 अक्टूबर 2026 ।। प्रभाष चंद्र ब्यूरो
कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के गांधी सभागार में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, लखपति दीदी और जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की समीक्षा में सामने आया कि जनपद में अब तक 5,605 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 5,535 आवेदनों में वेंडर चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि 3,216 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। निरीक्षण स्तर पर 3,134 प्रकरण स्वीकृत हुए हैं।
वहीं 2,958 प्रकरणों में सब्सिडी रिडीम की जा चुकी है और 2,804 लाभार्थियों को सब्सिडी की धनराशि वितरित की जा चुकी है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद में 3,091 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष 3 अक्टूबर तक 1,696 संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। शेष 1,395 संयंत्रों की स्थापना आगामी छह माह में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र परिवारों को स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ बिजली के खर्च में कमी लाना और सौर ऊर्जा के माध्यम से आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित बैंकों को बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि करीब 550 लाभार्थियों के प्रकरण बैंकों में लंबित हैं और उनकी मार्जिन मनी जमा नहीं हो सकी है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लाभार्थियों से समन्वय स्थापित कर उन्हें योजना की प्रक्रिया और लाभ की जानकारी देने तथा प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के विपरीत कोटेशन तैयार होने के कारण बैंक स्तर पर फाइलें लंबित होना गंभीर विषय है। उन्होंने निर्धारित मानकों और मार्जिन मनी के अनुरूप ही कोटेशन तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों को अनावश्यक परेशानी न हो।
बैठक में यह भी सामने आया कि खाटू इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड वेंडर से जुड़े करीब 17-18 उपभोक्ताओं को अभी तक सब्सिडी का लाभ नहीं मिला है और सोलर संयंत्र भी स्थापित नहीं किए गए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित वेंडर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को नियमानुसार सब्सिडी का लाभ दिलाया जाए। ऐसा न होने की स्थिति में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाए।
आवश्यकता पड़ने पर उपभोक्ताओं को अन्य अधिकृत वेंडर से समन्वय कर योजना का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए।
जल जीवन मिशन की परियोजनाएं जल्द क्रियाशील कराने के निर्देश
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने 18 अक्रियाशील परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में क्रियाशील कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक शुद्ध और सुचारु पेयजल पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
लखपति दीदी योजना से महिलाओं को जोड़ने पर जोर
लखपति दीदी योजना की समीक्षा करते हुए पात्र महिलाओं को योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने, स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं की सफलता केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक वास्तविक लाभ पहुंचना प्रशासन की प्राथमिकता है। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं।
इस अवसर पर डीसी एनआरएलएम राजकुमार लोधी, सहायक पटल यूपी नेडा नैना कुशवाहा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।