तेज रफ्तार टेंपो ने खड़ी कार में मारी टक्कर, सभासद का भाई गंभीर

कार की चपेट में आकर पैदल जा रहा व्यक्ति घायल, टेंपो चालक फरार
टेन न्यूज़ !! ०९ अक्टूबर २०२६ !! रिपोर्ट: पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। हाईवे पर कश्यप बिल्डिंग के पास गुरुवार शाम तेज रफ्तार टेंपो ने सड़क किनारे खड़ी कार में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार आगे खिसक गई और सामने से पैदल गुजर रहे मोहल्ला बंगशान निवासी पप्पू उर्फ अफरोज (50) पुत्र मजीदुल्ला कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल नगर पंचायत सभासद सर्वेद अंसारी के छोटे भाई बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पप्पू तहवरगंज की ओर से पैदल हाईवे पर आ रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी कार में एक दंपति बैठकर बातचीत कर रहा था। तभी तेज रफ्तार टेंपो ने कार में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण कार आगे की ओर खिसक गई और पास से गुजर रहे पप्पू उसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजन गंभीर रूप से घायल पप्पू को उपचार के लिए बरेली ले गए। उधर, टक्कर मारने के बाद टेंपो चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कार और उसमें सवार दंपति को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।